कुख्यात तस्कर बलोची पिट-एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार, कोट भलवाल जेल भेजा
कठुआ, 20 मई (हि.स.)। नशा मुक्त जम्मू कश्मीर अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आदतन नशा तस्कर को पिट-एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर सेंट्रल कोट भलवाल जेल जम्मू भेज दिया है।
यह कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के समग्र पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस टीम ने डिविजनल कमिश्नर जम्मू द्वारा जारी डिटेंशन वारंट को निष्पादित करते हुए आरोपी हरपाल सिंह उर्फ बलोची निवासी वार्ड नंबर 13 कठुआ को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी एक आदतन अपराधी और नशा तस्कर है जो लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से चार मामले दर्ज हैं जिनमें वर्ष 2003, 2007, 2020 और 2025 के केस शामिल हैं। आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ पिट-एनडीपीएस एक्ट 1988 के तहत डोजियर तैयार कर डिविजनल कमिश्नर जम्मू को भेजा गया था जिसके आधार पर डिटेंशन वारंट जारी किया गया। वारंट के निष्पादन के बाद आरोपी को सेंट्रल कोट भलवाल जेल जम्मू में भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया