जम्मू-कश्मीर में कुख्यात ड्रग तस्कर को जेल भेजा, चार अन्य लोग नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार

 

जम्मू, 11 जुलाई (हि.स.)। जम्मू संभाग के उधमपुर जिले में पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक मादक पदार्थ तस्कर को हिरासत में लिया गया है जबकि सांबा, कठुआ और राजौरी जिलों में विभिन्न स्थानों से मादक पदार्थों के साथ पकड़े जाने पर चार अन्य को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि फलाटा गांव के निवासी संजय कुमार उर्फ संजू को उधमपुर में मादक पदार्थों और मनोरोगी पदार्थों की अवैध तस्करी की रोकथाम (पीआईटी-एनडीपीएस) अधिनियम के प्रावधानों के तहत हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि सक्षम प्राधिकारी द्वारा कुख्यात तस्कर के खिलाफ हिरासत आदेश जारी किया गया था और आज इसे निष्पादित किया गया। कुमार को डोडा के भदरवाह जिला जेल में रखा गया है।

प्रवक्ता ने बताया कि सांबा जिले में अपने घर के पास दोपहिया वाहन पर घूम रहे घगवाल निवासी अनिल कुमार को 1.720 किलोग्राम अफीम के भूसे के साथ गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि सांबा के विजयपुर इलाके में एक अन्य ड्रग तस्कर योगेश्वर सिंह को उसकी कार की तलाशी के दौरान 10.14 ग्राम हेरोइन बरामद होने के बाद गिरफ्तार किया गया। प्रवक्ता के अनुसार तस्कर अपने बगोना गांव से पास के ही किसी स्थान पर जा रहा था। कार भी जब्त कर ली गई है।

कठुआ जिले में पुलिस ने कठुआ जिले के हटली मोड़ पर संदीप कुमार नामक एक ड्रग तस्कर को उसकी गाड़ी से पांच ग्राम हेरोइन जब्त करने के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि उन्होंने राजौरी जिले के भेल्ला पुल के पास से नईम नसीर उर्फ राजा को भी गिरफ्तार किया और उससे 2.63 ग्राम हेरोइन बरामद की। प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों व्यक्तियों पर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता