जम्मू मंडल में 24-25 जून को अंतर-मंडलीय सुरक्षा ऑडिट शुरू
जम्मू,, 24 जून (हि.स.)।
रेल यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में 24 और 25 जून 2026 को दो दिवसीय अंतर-मंडलीय सुरक्षा ऑडिट का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण ऑडिट का नेतृत्व पूर्वोत्तर रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त नीरज गुप्ता द्वारा किया जा रहा है। उनके साथ ट्रैफिक, सिग्नल, इलेक्ट्रिकल, इंजीनियरिंग और मैकेनिकल विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं जबकि जम्मू मंडल के प्रशासनिक अधिकारी भी निरीक्षण दल के साथ मौजूद रहेंगे।
इस ऑडिट का मुख्य उद्देश्य रेलवे संचालन से जुड़ी सभी सुरक्षा प्रक्रियाओं, तकनीकी उपकरणों और मानकों का विस्तृत मूल्यांकन करना है ताकि किसी भी प्रकार की कमियों की पहचान कर उन्हें समय रहते दूर किया जा सके और “शून्य दुर्घटना” के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जम्मू रेलवे स्टेशन, स्टेशन यार्ड, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, प्रतीक्षालय, शौचालय और अन्य यात्री सुविधाओं की जांच की जाएगी। इसके साथ ही सिग्नलिंग एवं दूरसंचार प्रणाली, ट्रैक फिटिंग, पॉइंट्स और क्रॉसिंग की तकनीकी स्थिति का भी गहन परीक्षण किया जाएगा।
ऑडिट टीम रनिंग लॉबी का भी निरीक्षण करेगी जहां लोको पायलटों और गार्डों से संवाद कर उनकी कार्य परिस्थितियों, विश्राम सुविधाओं, सुरक्षा प्रोटोकॉल और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न यार्डों में मालगाड़ियों की लोडिंग-अनलोडिंग, शंटिंग प्रक्रिया, प्रकाश व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा उपकरणों और सुरक्षा मानकों का भी मूल्यांकन किया जाएगा।
रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले महत्वपूर्ण पुलों का भी संरचनात्मक सुरक्षा ऑडिट किया जाएगा जिसमें उनकी मजबूती और रखरखाव की जांच शामिल होगी।
डीआरएम जम्मू विवेक कुमार ने कहा कि ऐसे सुरक्षा ऑडिट रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि ऑडिट टीम द्वारा दी जाने वाली सभी सिफारिशों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा जिससे रेल संचालन अधिक सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय बन सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता