स्वास्थ्य मंत्री के काफिले को रोकने पहुंचे नॉन-गजेटेड स्वास्थ्य कर्मी, सर्विस रूल सहित लंबित मांगों को लेकर की नारेबाजी

 


कठुआ 16 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर की स्वास्थ्य मंत्री सकीना इट्टू के कठुआ पहुंचने पर अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत नॉन-गजेटेड स्वास्थ्य कर्मियों ने उनके काफिले को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मंत्री के समक्ष नारेबाजी करते हुए सर्विस रूल सहित लंबे समय से लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।

जानकारी के अनुसार कई महीनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों ने सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री के कठुआ पहुंचने पर उनके समक्ष अपनी बात रखने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों ने काफिले के सामने पहुंचकर नारेबाजी की और सरकार से उनकी लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की। हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को हटाया जिसके बाद स्वास्थ्य मंत्री अपने निर्धारित गंतव्य की ओर रवाना हो गईं। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना था कि वे स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर अपनी समस्याओं और लंबित मांगों को उनके समक्ष रखना चाहते थे लेकिन उन्हें मिलने का अवसर नहीं दिया गया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि मंत्री ने उनकी बात को अनदेखा किया जिससे वे आहत हैं।

कर्मचारियों ने कहा कि वे पहले अपनी मांगों को लेकर एक दिवसीय हड़ताल पर थे लेकिन अब भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने के चलते अब वे 72 घंटे तक स्वास्थ्य सेवाएं बंद रखेंगे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि सर्विस रूल सहित उनकी अन्य लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेकर उन्हें राहत प्रदान की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया