अब नहीं मानेंगे आश्वासन-कठुआ में सफाई कर्मियों की सख्त चेतावनी के साथ हड़ताल शुरू
कठुआ, 26 मई (हि.स.)। नगर परिषद कठुआ के अस्थायी सफाई कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मंगलवार से हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों ने नगर परिषद परिसर में एकत्र होकर लोकल बॉडी डायरेक्टर और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को उठाया।
सफाई कर्मचारियों के प्रधान ने बताया कि उनकी स्थायीकरण की मांग वर्ष 2014 से लंबित है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि कई चुनावों के दौरान उन्हें केवल आश्वासन ही मिला जबकि उनकी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इस बार वे झूठे आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होंगे और जब तक उन्हें स्थायी नहीं किया जाता, हड़ताल जारी रहेगी। कर्मचारियों ने डेली वेजर्स को नियमित करने और सफाई कर्मचारियों की कमी को जल्द पूरा करने की भी मांग की।
प्रधान ने बताया कि नगर परिषद में कुल 112 कर्मचारी विभिन्न पदों पर कार्यरत हैं जबकि 21 वार्डों के लिए पर्याप्त सफाई कर्मचारी नहीं हैं। इसके बावजूद शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। कर्मचारियों ने कहा कि वे हड़ताल नहीं करना चाहते क्योंकि इससे शहर में गंदगी फैलती है लेकिन लंबे समय से उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से जल्द समाधान निकालने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया