श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026-बिना पंजीकरण आने वाले श्रद्धालुओं को प्रवेश नहीं, प्रशासन ने जारी की सख्त एडवाइजरी
कठुआ, 03 जुलाई (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ ने श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 के सफल एवं सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए श्रद्धालुओं हेतु महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए पूर्व पंजीकरण अनिवार्य है तथा बिना पंजीकरण के यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जारी सूचना के अनुसार माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत प्रतिदिन यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की अधिकतम संख्या निर्धारित की गई है ताकि यात्रा मार्ग पर सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जा सकें। इसी क्रम में देशभर में बैंक शाखाओं एवं ऑनलाइन माध्यम से अग्रिम पंजीकरण की सुविधा पहले ही उपलब्ध कराई गई थी जिसका अधिकांश श्रद्धालुओं ने लाभ उठाया है। प्रशासन ने बताया कि तत्काल पंजीकरण के स्लॉट अत्यंत सीमित हैं इसलिए श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे बिना पंजीकरण के जम्मू-कश्मीर न पहुंचें। बड़ी संख्या में बिना पंजीकरण आने वाले श्रद्धालुओं को समायोजित करना संभव नहीं होगा।
इसके अतिरिक्त यह भी देखा गया है कि कई पंजीकृत श्रद्धालु अपनी निर्धारित तिथि से पहले ही यात्रा के लिए पहुंच रहे हैं जबकि नियमों के अनुसार उन्हें केवल पंजीकरण तिथि के अनुसार ही यात्रा की अनुमति होगी। ऐसे में सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे अपनी निर्धारित तिथि के अनुसार ही यात्रा करें। प्रशासन ने बिना पंजीकरण पहुंचे श्रद्धालुओं से भी धैर्य बनाए रखने और अपने क्रम का इंतजार करने की अपील की है। साथ ही यह आश्वस्त किया गया है कि सभी श्रद्धालुओं को यात्रा का अवसर मिलेगा लेकिन यह निर्धारित प्रक्रिया और उपलब्ध व्यवस्थाओं के अनुसार ही संभव होगा। अंत में जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे नियमों का पालन करें अनुशासन बनाए रखें तथा यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया