सेंट्रल यूनिवर्सिटी जम्मू के नौ शिक्षक दुनिया के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल

 


जम्मू, 11 अक्टूबर (हि.स.)। सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू के नौ शिक्षकों ने स्टैनफोर्ड-एल्सेवियर के वैश्विक डेटाबेस में दुनिया के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों में जगह बनाकर संस्थान का नाम रोशन किया है। यह पहचान विभिन्न वैज्ञानिक क्षेत्रों में शोध पत्रों के उद्धरण प्रभाव के आधार पर दी जाती है। चयनित शिक्षकों का शोध पर्यावरण विज्ञान, पदार्थ विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार इंजीनियरिंग और कंप्यूटर विज्ञान जैसे क्षेत्रों से जुड़ा है।

इस सूची में प्रो. दीपक पठानिया, प्रो. ऋचा कोठारी, प्रो. विनय कुमार, प्रो. उदय प्रताप सिंह, प्रो. राकेश कुमार झा, प्रो. पवन कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, डॉ. सचिन कुमार गुप्ता और डॉ. के. कुप्पुसामी शामिल हैं। इनके शोध कार्यों में जल एवं अपशिष्ट जल से प्रदूषकों को हटाने, जैव ऊर्जा, सौर ऊर्जा आधारित उपचार तकनीकों, नैनोमैटेरियल्स, फोटोवोल्टिक अनुप्रयोगों, गणितीय मॉडलिंग, 5जी और 6जी नेटवर्क, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), वायरलेस संचार तथा सूचना सुरक्षा जैसे विषय शामिल हैं।

विश्वविद्यालय ने इस उपलब्धि पर सभी शिक्षकों को बधाई दी है। संस्थान के अनुसार उनके निरंतर शोध प्रयासों से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और अनुसंधान संबंधी पहचान मजबूत हुई है।

विश्वविद्यालय ने कुलपति प्रो. संजीव जैन के मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए उनके निरंतर सहयोग के प्रति भी आभार व्यक्त किया। इस उपलब्धि को युवा शोधकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए विश्वविद्यालय ने उम्मीद जताई कि शिक्षक भविष्य में भी समाज और संस्थान के हित में शोध कार्यों को आगे बढ़ाते रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा