एनएचएआई ने तल्ला ज्वेलर्स को अवैध विज्ञापन बोर्ड हटाने का नोटिस जारी किया

 


कठुआ, 30 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने कठुआ के तल्ला ज्वेलर्स को राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर कथित अवैध कब्जा कर फ्लेक्स विज्ञापन बोर्ड लगाने के मामले में नोटिस जारी किया है।

एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर एवं हाईवे एडमिनिस्ट्रेटर राजीव कुमार की ओर से जारी नोटिस में बताया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-44 के पल्ली मोड़, बरनोटी, दयालाचक और हीरानगर फ्लाईओवर के पास हाईवे की लाइटिंग पोलों पर फ्लेक्स विज्ञापन बोर्ड लगाए गए हैं जो राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन पर अनधिकृत कब्जे की श्रेणी में आते हैं। नोटिस में वार्ड नंबर-1 शहीदी चैक कठुआ स्थित एम/एस तल्ला ज्वेलर्स को नोटिस प्राप्त होने के सात दिनों के भीतर इन विज्ञापन बोर्डों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही तीन दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने का अवसर भी दिया गया है। निर्धारित समय में आदेश का पालन नहीं करने पर राष्ट्रीय राजमार्ग नियंत्रण (भूमि एवं यातायात) अधिनियम 2002 के तहत जुर्माना लगाने और अवैध कब्जे वाली भूमि से बेदखली की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। नोटिस की प्रतिलिपि जिला उपायुक्त कठुआ, एसएसपी कठुआ और नगर समिति कठुआ-हीरानगर को भी आवश्यक जानकारी एवं कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया