नव नियुक्त डीआईजी शिव कुमार शर्मा का किया गया सम्मान
जम्मू, 13 अप्रैल (हि.स.)। उधमपुर–रियासी रेंज के नव नियुक्त डीआईजी शिव कुमार शर्मा के सम्मान में उनके सरकारी आवास पर एक शिष्टाचार भेंट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रोहित शास्त्री, अध्यक्ष श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट ने उनसे मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। भेंट के दौरान डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने महंत रोहित शास्त्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया जो उनके सरल और सौम्य व्यक्तित्व को दर्शाता है। वहीं महंत रोहित शास्त्री ने ट्रस्ट की ओर से उन्हें भगवान महाकाल का पवित्र चित्र भेंट किया जो आस्था और शुभकामनाओं का प्रतीक है।
अपने वक्तव्य में महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि शिव कुमार शर्मा एक कर्मठ, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी हैं, जिन्होंने अपने अनुभव और कार्यशैली से जनसेवा, पारदर्शिता और सुशासन के उच्च मानदंड स्थापित किए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में उधमपुर–रियासी रेंज में कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में शांति, सुरक्षा और सद्भाव बनाए रखने में पुलिस प्रशासन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और समर्पित अधिकारियों के नेतृत्व में यह जिम्मेदारी और प्रभावी ढंग से निभाई जा सकती है। अंत में महंत रोहित शास्त्री ने डीआईजी शिव कुमार शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके सफल और प्रेरणादायी कार्यकाल की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा