जसरोटा में विकास की नई रफ्तार, 6.10 करोड़ के प्रोजेक्टों की सौगात

 


कठुआ, 18 सितंबर (हि.स.)। जसरोटा विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को विकास कार्यों को गति मिली। भाजपा विधायक राजीव जसरोटिया ने डिंगा अंब, सन्याल, कूपर, डाब्बी और खैरी में करीब 6.10 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और कई कार्यों की आधारशिला रखी।

इनमें खैरी गांव के लिए 4 करोड़ रुपये की नाबार्ड सड़क परियोजना प्रमुख है। विधायक ने कहा कि आजादी के बाद से उचित सड़क संपर्क से वंचित रहे खैरी गांव के लिए यह परियोजना लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सड़क बनने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और रोजगार तक बेहतर पहुंच मिलने के साथ कृषि उपज की आवाजाही भी सुगम होगी। डिंगा अंब में 55 लाख रुपये से पीएचसी के उन्नयन की आधारशिला रखी गई जबकि करीब 40 लाख रुपये की लागत से तैयार डिंगा अंब बाजार लिंक रोड का उद्घाटन किया गया। गैलमन-कौली कूपर सड़क का भी 55 लाख रुपये की लागत से उद्घाटन हुआ। सन्याल और कूपर में 6 और 5 लाख रुपये की लागत से नए ट्रांसफार्मर, डाब्बी में 8.50 लाख रुपये से पंप सेट व संबंधित कार्य तथा खैरी में 35 लाख रुपये की मोहल्ला चैन सिंह सड़क का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा खैरी में 5.50 लाख रुपये की लागत से बने बोरवेल को भी शुरू किया गया। इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों के साथ जनसभा कर सड़क, बिजली, पानी और अन्य विकास संबंधी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल ढांचागत निर्माण नहीं बल्कि लोगों के दैनिक जीवन को बेहतर बनाना है और दूरदराज के गांवों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया