चार महीने में नई मीडिया पॉलिसी, सकीना इटू मंत्री

 

श्रीनगर, 30 सितंबर (हि.स.)। शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू ने बुधवार को कहा कि सरकार एक नई मीडिया पॉलिसी पर काम कर रही है और विधानसभा को भरोसा दिलाया कि पत्रकारों के लिए नई गाइडलाइंस चार महीने के भीतर तैयार कर ली जाएंगी।

इटू ने कहा कि पॉलिसी बनाने के लिए पहले ही एक कमेटी बनाई जा चुकी है और उसने इस काम को पूरा करने के लिए चार महीने का समय मांगा है। उन्होंने कहा कि कमेटी सूचना विभाग के साथ मिलकर काम कर रही है।

इटू ने कहा कि मीडिया के बिना हम अधूरे हैं और सरकार व लोकतांत्रिक संस्थाओं के कामकाज में प्रेस की भूमिका पर जोर दिया हालांकि उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया से पैदा होने वाली समस्याओं के लिए राजनेता अकेले मीडिया को जिम्मेदार नहीं ठहरा सकते।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की गड़बड़ी के लिए हम भी जिम्मेदार हैं। हम हर चीज के लिए मीडिया को दोष नहीं दे सकते। हमने भी सोशल मीडिया रील बनाने वाले रखे हैं। इटू ने एक विधायक से जुड़े मामले का भी जिक्र किया और कहा कि विधायक कथित तौर पर एक घरेलू कर्मचारी के नाम से सोशल मीडिया पेज चला रहे थे।

उन्होंने कहा कि पेज पर अपलोड किया गया कुछ कंटेंट काफी असहज करने वाला था साथ ही यह भी कहा कि जन प्रतिनिधियों को सोशल मीडिया पर अपने व्यवहार की भी समीक्षा करनी चाहिए।

इटू ने उस समय को याद किया जब लोग पब्लिक ब्रॉडकास्टर पर अपनी खबर प्रसारित होने का इंतजार करते थे। टेलीविजन समाचार के पुराने महत्व का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हर कोई अपनी खबर दिखाए जाने को लेकर उत्साहित रहता था।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के बढ़ने से स्थिति बदल गई है और जन प्रतिनिधियों की गरिमा के कथित दुरुपयोग पर चिंता जताई। इटू ने कहा कि मौजूदा सोशल मीडिया माहौल से निपटने में राजनेताओं की खुद की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस गड़बड़ी के लिए हम राजनेता ज्यादा जिम्मेदार हैं।

मंत्री ने स्पीकर अब्दुल रहीम राथर से विधानसभा के अंदर मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर रोक लगाने पर विचार करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि सदन के अंदर फोन की इजाज़त देने से कार्यवाही और कंटेंट की रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर उसे फैलाने में मदद मिल सकती है।

इतू ने सदन को भरोसा दिलाया कि नई मीडिया पॉलिसी समिति द्वारा मांगी गई चार महीने की अवधि के भीतर तैयार कर ली जाएगी और इसमें पत्रकारों तथा मीडिया सेक्टर के लिए नई गाइडलाइंस होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता