एनसीबी ने जम्मू-कश्मीर में हेरोइन तस्करी के दो सप्लाई रूट का किया खुलासा
-पाकिस्तान-उरी और पंजाब रूट से जम्मू-कश्मीर पहुंच रही थी हेरोइन : एनसीबी-एनसीबी की कार्रवाई में 6.920 किलो हेरोइन जब्त, दो तस्करी रूट का पता चला
जम्मू, 05 सितंबर (हि.स.)। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की जम्मू जोनल यूनिट ने लंबे समय से चलाए जा रहे अभियान के दौरान जम्मू-कश्मीर में हेरोइन पहुंचाने वाले दो अलग-अलग सप्लाई रूट का पता लगाया है। इनमें एक पाकिस्तान से उरी सेक्टर के रास्ते और दूसरा पंजाब के रास्ते जम्मू-कश्मीर तक पहुंचता है। एनसीबी ने जम्मू संभाग में करीब एक महीने के दौरान हेरोइन की चार खेप और पंजाब में इससे जुड़े एक अभियान में कुल 6.920 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है।
एनसीबी के प्रवक्ता ने शनिवार को जारी बयान में बताया कि अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी से प्रभावित संवेदनशील इलाकों में भी कार्रवाई की गई। तीन सितंबर को सांबा में नए बस स्टैंड के पास एक यात्री बस को रोककर पुलवामा जिले के काकापोरा निवासी आकिब बशीर के पास से 522 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
इसके बाद एनसीबी ने खेप से जुड़े नेटवर्क की जांच शुरू की, जो पंजाब के लुधियाना तक पहुंची। वहां एक अन्य अभियान में 197 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। सांबा और लुधियाना से जुड़े इस मामले में अब तक कुल 719 ग्राम हेरोइन जब्त की जा चुकी है। एनसीबी खेप की आपूर्ति, परिवहन और वितरण में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।
प्रवक्ता ने बताया कि इससे पहले 5.160 किलोग्राम हेरोइन की बरामदगी के मामले की जांच में पाकिस्तान-उरी रूट का पता चला था। जांच के दौरान सामने आया कि यह खेप पाकिस्तान से उरी सेक्टर के रास्ते जम्मू-कश्मीर पहुंची थी। एनसीबी ने जब्ती स्थल से आगे लेह तक जांच करते हुए कथित सप्लायर को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि इन दोनों मामलों की जांच से क्षेत्र में हेरोइन की आपूर्ति करने वाले दो अलग-अलग नेटवर्क सामने आए हैं। पहला पाकिस्तान सीमा के पार से संचालित होता है, जबकि दूसरा पंजाब-जम्मू-कश्मीर कॉरिडोर के जरिए काम करता है।
एनसीबी के प्रवक्ता के अनुसार, अभियान के तहत जम्मू और सांबा के मादक पदार्थ प्रभावित इलाकों में दो अन्य कार्रवाइयां भी की गईं, जिनमें क्रमशः 438 ग्राम और 603 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू में जब्त 5.160 किलोग्राम, सांबा में 522 ग्राम और लुधियाना में बरामद 197 ग्राम हेरोइन को मिलाकर कुल 6.920 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया है। उन्होंने कहा कि एनसीबी की रणनीति केवल मादक पदार्थों की बरामदगी या तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह