जम्मू व बारामुला में जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य बनाने की मांग को लेकर एनसी का प्रदर्शन और रैली
जम्मू, 20 जुलाई (हि.स.)। आज नेशनल कांफ्रेंस के कार्यालय जम्मू में जम्मू-कश्मीर को राज्य को राज्य का दर्जा देने मांग को लेकर नेशनल कांफ्रेंस जम्मू प्रांत के सेक्रेटरी शेख बशीर अहमद की अगुवाई में प्रदर्शन और रैली निकाली गई। इस अवसर पर सैकड़ों कार्यकर्ता रैली में शामिल हुए और जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य बनाने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
वहीं जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस (एन.सी.) के हजारों कार्यकर्ताओं ने बारामूला में भी शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन रैली की शुरुआत नेशनल कॉन्फ्रेंस के जिला मुख्यालय से हुई जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे लेकर राज्य का दर्जा बहाल करने के समर्थन में नारे लगाए।
रैली जिला मुख्यालय से निकलकर उपायुक्त (डी.सी.) कार्यालय की ओर बढ़ी और वहां से मुख्य चौक बारामूला होते हुए आगे निकली।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को जल्द से जल्द पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल किया जाना चाहिए क्योंकि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने और प्रदेश के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए आवश्यक है। यह विरोध प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा।
रैली के समापन के बाद सभी कार्यकर्ता वापस पार्टी मुख्यालय लौट गए। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह