एनसी सांसद आगा रूहुल्लाह ने नई पार्टी बनाने की खबरों का किया खंडन
श्रीनगर, 14 जुलाई (हि.स.)।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद आगा सैयद रूहुल्लाह मेहदी ने मंगलवार को नई राजनीतिक पार्टी बनाने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि मीडिया इस घटनाक्रम को देखने के लिए उनसे कहीं ज़्यादा उत्सुक है। बडगाम में पत्रकारों से बात करते हुए रूहुल्लाह ने कहा कि उन्होंने अभी तक कोई पार्टी नहीं बनाई है। नई पार्टी बनाने की इच्छा मीडिया को मुझसे ज़्यादा है। अगर आप कोई नई पार्टी बनाना चाहते हैं तो बनाइए, फिर मैं देखूंगा कि क्या वह अच्छी पार्टी है और उसमें शामिल हो जाऊंगा।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रस्तावित जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शन पर रूहुल्लाह ने दोहराया कि वह इसमें शामिल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि लोगों का जनादेश अनुच्छेद 370 की बहाली के लिए था न कि सिर्फ़ राज्य का दर्जा पाने के लिए। उन्होंने कहा कि मैंने साफ़ कर दिया है कि मैं विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं हो रहा हूं। हमारी ज़िम्मेदारी अनुच्छेद 370 के लिए लड़ना है क्योंकि यह हमारी पहचान और सम्मान से जुड़ा है। लोगों ने हमें अनुच्छेद 370 के लिए जनादेश दिया था न कि राज्य का दर्जा पाने के लिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक चर्चा को सिर्फ़ राज्य का दर्जा पाने की ओर मोड़ना बीजेपी के एजेंडे के अनुकूल है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का एजेंडा है कि हम बाकी सब कुछ भूल जाएं और सिर्फ़ राज्य का दर्जा मांगें। पिछले 70 सालों ने दिखाया है कि हमसे जो कुछ भी छीना गया है वह कभी वापस नहीं मिला। अगर हम इतिहास से सबक नहीं सीखते हैं तो यह अच्छा नहीं होगा। खरीद-फरोख्त (हॉर्स-ट्रेडिंग) के आरोपों और नेशनल कॉन्फ्रेंस के भीतर दलबदल कराने की बीजेपी की कोशिशों से जुड़े एक सवाल के जवाब में रूहुल्लाह ने कहा कि लोकतंत्र में खरीद-फरोख्त की कोई जगह नहीं है चाहे कोई भी राजनीतिक पार्टी इसमें शामिल हो। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में खरीद-फरोख्त में शामिल होना किसी भी तरह से सही नहीं है। मैं खरीद-फरोख्त के खिलाफ़ हूं, चाहे कोई भी पार्टी इसमें शामिल हो। बीजेपी ने इस चलन को सामान्य बना दिया है जहां ऐसे तरीकों से लोगों के जनादेश को कमज़ोर किया जाता है और यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह