पार्टी नेतृत्व के साथ अहम बातचीत से पहले एनसी के बागी नेता आज फिर करेंगे बैठक

 


श्रीनगर, 05 नवंबर (हि.स.)।

नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) नेतृत्व के साथ शुक्रवार को होने वाली बैठक से पहले पार्टी के विधायक - जो हाल ही में हुए कैबिनेट फेरबदल और विस्तार से नाराज हैं गुरुवार शाम को एक बैठक कर सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार वे इस बातचीत के लिए अपनी रणनीति को अंतिम रूप देंगे। सूत्रों ने बताया कि विधायक अपनी आगे की कार्ययोजना पर चर्चा कर सकते हैं और पार्टी नेतृत्व के साथ बैठक से पहले एक साझा रुख तैयार कर सकते हैं। सूत्रों ने बताया यह बैठक आज एनसी विधायक मुबारक गुल के आवास पर होने की संभावना है। यह इस समूह की चौथी बैठक होगी।

30 अक्टूबर से चल रही इनकी चर्चाओं ने सरकार की स्थिरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एनसी नेतृत्व को सौंपे गए अपने ज्ञापन में इस समूह ने कैबिनेट के पुनर्गठन की मांग की है। इसमें उन मंत्रियों के कामकाज का मूल्यांकन करने की मांग शामिल है जिन्हें पद पर रहते हुए दो साल पूरे हो चुके हैं और जो मंत्री अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं उन्हें हटाने की बात कही गई है।

विधायकों ने सुरेंद्र चौधरी से 'सड़क और भवन विभाग' का पोर्टफोलियो वापस लेने की भी मांग की है। 3 जून को दाचीगाम में हुई बैठक के दौरान 20 से अधिक विधायकों ने सुरेंद्र चौधरी की आलोचना की थी फिर भी उनके पास यह विभाग बना हुआ है।

इस समूह ने मुख्यमंत्री के सलाहकार, नासिर असलम वानी को हटाने की भी मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह