मुबारक गुल ने बुधवार को अपनी निर्धारित प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थगित की, कहा कि वे इस समय कोई खुलासा नहीं करना चाहते
श्रीनगर, 04 नवंबर (हि.स.)। नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता मुबारक गुल ने बुधवार को अपनी निर्धारित प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थगित कर दी। उन्होंने कहा कि वे इस समय कोई खुलासा नहीं करना चाहते और उचित समय आने पर बोलेंगे। अपने फैसले के बारे में बताते हुए गुल ने कहा कि वे अपने सहयोगियों की भावनाओं का सम्मान करना चाहते हैं जिनमें से कुछ उनके साथ लगभग 51 वर्षों से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि जम्मू और कश्मीर की मौजूदा स्थिति को देखते हुए माहौल को बनाए रखना, अपने सहयोगियों से परामर्श करना और मेरे साथ काम करने वालों की भावनाओं का सम्मान करना महत्वपूर्ण है।
गुल ने कहा कि उनकी भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मैं आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थगित करने की घोषणा करता हूं। मैं आज कुछ भी खुलासा नहीं करूंगा। उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने अपने सहयोगियों और दो मित्रों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए कोई बयान न देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि इस समय अपने सहयोगियों और दो दोस्तों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मैं इस मामले पर कुछ नहीं कहूंगा और न ही मैं कुछ कहना चाहता हूं।
गुल ने संकेत दिया कि वह उचित समय आने पर बोलेंगे और बताया कि उन्हें अपने कुछ सहयोगियों से व्यक्तिगत मार्गदर्शन भी मिला है। उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा से सब कुछ अपने उचित समय पर होगा।
उन्होंने कहा कि मेरे कुछ सहयोगियों ने मुझे फोन पर व्यक्तिगत रूप से मार्गदर्शन दिया है और मैं उनकी सलाह का पालन करूंगा और उसी राह पर आगे बढ़ूंगा। अपने संकल्प को दोहराते हुए गुल ने कहा, “मैं एक योद्धा हूं, मैं लड़ता रहूंगा।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता