एनसी को अब मेरी ज़रूरत नहीं, आगा रुहुल्लाह ने राज्य की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन से खुद को किया अलग
कुलगाम, 11 जुलाई (हि.स.)।नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने शनिवार को कहा कि पार्टी को अब उनकी ज़रूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि पार्टी के सम्मेलन में उन्हें न तो आमंत्रित किया गया था और न ही वे उपस्थित थे। उन्होंने राज्य की मांग को लेकर पार्टी के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन से भी खुद को अलग कर लिया।
कुलगाम में पत्रकारों से बात करते हुए रुहुल्लाह ने कहा कि बेगम अकबर जहां की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित पार्टी सम्मेलन में वे इसलिए शामिल नहीं हुए क्योंकि उन्हें न तो आमंत्रित किया गया था और न ही उपस्थित होना आवश्यक था। उन्होंने कहा कि मुझे इस सवाल का जवाब कितनी बार देना पड़ेगा। उन्हें मेरी ज़रूरत नहीं है। मुझे बुलाया नहीं गया था और मैं वहां मौजूद नहीं था। मुहर्रम के सिलसिले में कुलगाम, श्रीनगर और अन्य स्थानों पर मेरे कार्यक्रम थे इसलिए मैं व्यस्त रहा। उन्हें अब मेरी ज़रूरत नहीं है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या वे नेशनल कॉन्फ्रेंस के जंतर-मंतर प्रदर्शन में भाग लेंगे तो उन्होंने अपनी भागीदारी से इनकार करते हुए कहा कि उनका ध्यान जम्मू-कश्मीर के लोगों से जुड़े मुद्दों पर ही रहेगा।
रुहुल्लाह ने कहा कि वे राज्य के दर्जे के लिए प्रदर्शन करने जा रहे हैं, एक ऐसी जिम्मेदारी जिसके लिए जनता ने उन्हें जनादेश नहीं दिया है। मैं जम्मू-कश्मीर के लोगों के बीच जाकर अनुच्छेद 370 के बारे में बात करूंगा। मैं जनता के एजेंडे पर काम करूंगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक चर्चा को अनुच्छेद 370 से हटाकर राज्य के दर्जे पर लाना भाजपा के नैरेटिव को बढ़ावा देने के समान है। उन्होंने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने चुनाव के दौरान अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के खिलाफ अभियान चलाया था। हम सभी ने उस मुद्दे पर प्रचार किया था। जो कोई भी इससे मुंह मोड़कर केवल राज्य के दर्जे की बात करता है, वह यथास्थिति को सामान्य बनाने और भाजपा के दुष्प्रचार को बढ़ावा देने में मदद कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता