महाराजा गुलाब सिंह की जयंती पर नटरंग ने दिखाई ‘गुलाब गाथा’
जम्मू, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर रियासत के संस्थापक महाराजा गुलाब सिंह की 234वीं जयंती पर नटरंग की ओर से जम्मू स्थित नटरंग स्टूडियो थिएटर में फीचर फिल्म ‘गुलाब गाथा’ का प्रदर्शन किया गया। पद्मश्री बालवंत ठाकुर द्वारा लिखित, परिकल्पित और निर्देशित इस फिल्म को देखने के लिए बड़ी संख्या में युवा विद्यार्थियों और कलाकारों ने भाग लिया तथा क्षेत्र के ऐतिहासिक गौरव को याद किया।
नटरंग के निदेशक बालवंत ठाकुर ने कहा कि ‘गुलाब गाथा’ का उद्देश्य नई पीढ़ी को जम्मू-कश्मीर के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और अपनी जड़ों से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि महाराजा गुलाब सिंह के जीवन पर आधारित इस प्रस्तुति की शुरुआत 2015 और 2016 में मंचीय नाटक के रूप में हुई थी जिसे 2017 में फिल्म का रूप दिया गया और 2018 में इसका वर्तमान स्वरूप तैयार किया गया। उन्होंने महाराजा गुलाब सिंह स्मारक ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. करण सिंह का भी आभार जताया।
बालवंत ठाकुर ने कहा कि महाराजा गुलाब सिंह ने अपनी सैन्य क्षमता, कूटनीतिक समझ और राजनीतिक दूरदर्शिता से जम्मू-कश्मीर के इतिहास को नई दिशा दी। उन्होंने क्षेत्रीय इतिहास को फिल्मों, रंगमंच और साहित्य जैसे माध्यमों से नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उनके अनुसार, नटरंग अब तक जम्मू-कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों में ‘गुलाब गाथा’ के 200 से अधिक प्रदर्शन कर चुका है और भविष्य में इसे देश के अन्य हिस्सों तथा विदेशों में भी दिखाने की योजना है।
फिल्म में अरविंद आनंद, मदन रंगीला, सुधीर जम्वाल, सुरेश कुमार, जनक खजूरिया, अनिल टिक्कू, संजीव गुप्ता, नीरज कांत, कंवल पेशिन, विजय भट, सुभाष जम्वाल सहित कई कलाकारों ने अभिनय किया। फिल्म के तकनीकी दल में तकनीकी निदेशक मालूप सिंह, कैमरामैन संजय कुमार और फिल्म संपादक नीरज बड्याल सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा