कठुआ में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान शुरू, 1.85 लाख बच्चों को कवर करने का लक्ष्य

 


कठुआ, 10 अगस्त (हि.स.)। जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान की सोमवार को औपचारिक शुरुआत हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ सरकारी कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय कठुआ में अतिरिक्त उपायुक्त महिमा मदान द्वारा बच्चों को कृमि नाशक दवा खिलाकर किया गया।

इस अवसर पर एडीसी महिमा मदान ने कहा कि अभियान का उद्देश्य बच्चों और किशोरों में नियमित कृमि मुक्ति, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं निवारक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि आंतों में कीड़े होने से बच्चों के पोषण स्तर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है जिससे एनीमिया, शारीरिक कमजोरी तथा मानसिक विकास में बाधा आ सकती है। एडीसी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अभियान के दौरान कृमि नाशक दवा अवश्य दिलाएं ताकि उनके स्वास्थ्य और समग्र विकास को सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं जो स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में जाकर बच्चों को दवा वितरित कर रही हैं।

इस मौके पर विद्यालय में वंदे मातरम का सामूहिक पाठ भी आयोजित किया गया जिसमें छात्रों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रीय एकता, नागरिक जिम्मेदारी और देशभक्ति के मूल्यों को भी सुदृढ़ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कठुआ डॉ. विजय रैना ने जानकारी दी कि इस अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 1.85 लाख बच्चों को कवर किया जा रहा है जिनमें सरकारी व निजी स्कूलों के विद्यार्थी तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि छूटे हुए बच्चों को कवर करने के लिए 17 अगस्त 2026 को मॉप-अप डे भी निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी केवल कृष्ण, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया