पीर पंजाल में नेशनल कॉन्फ्रेंस का कोई राजनीतिक मुकाबला नहीं: एनसी

 


जम्मू, 30 जून (हि.स.)। नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) ने दावा किया है कि पीर पंजाल क्षेत्र में पार्टी का कोई राजनीतिक मुकाबला नहीं है और हाल ही में उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी के नेतृत्व में आयोजित व्यापक संगठनात्मक दौरे को मिले अभूतपूर्व जनसमर्थन ने एक बार फिर पार्टी की मजबूत जनाधार और लोकप्रियता को साबित कर दिया है।

पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस संगठनात्मक दौरे में प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी भाग लिया। पूरे पीर पंजाल क्षेत्र में आयोजित जनसभाओं में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और स्थानीय विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

जनसभाओं के दौरान लोगों ने सड़क, पुल, स्कूल, अस्पताल, पर्यटन, पेयजल और बेरोजगारी जैसी मूलभूत समस्याओं को नेताओं के समक्ष रखा। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने लोगों को आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार जम्मू-कश्मीर के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित और समान विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी वास्तविक विकास संबंधी मांगों को चरणबद्ध और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। बयान में यह भी दोहराया गया कि सरकार जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल कराने और प्रदेश के लोगों की लोकतांत्रिक आकांक्षाओं की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा