राष्ट्रीय गान गायन प्रतियोगिता आयोजित, राधिका शर्मा रहीं प्रथम

 


जम्मू, 03 अगस्त (हि.स.)। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज (जीडीसी) रामगढ़ में विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा राष्ट्रगान के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय गान गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) मीरू अबरोल के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां युवाओं में संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम का संचालन टीचर-इन-चार्ज प्रो. संदीप कुमारी ने किया। प्रतियोगिता में विभिन्न सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गरिमा, शुद्ध उच्चारण तथा समन्वय के साथ राष्ट्रगान प्रस्तुत कर देशभक्ति की भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रो. ब्रम दत्त और डॉ. शिवाली पनिगोत्रा ने उच्चारण, लय, समन्वय, प्रस्तुति तथा राष्ट्रगान की गरिमा के अनुरूप प्रदर्शन के आधार पर किया।

प्रतियोगिता में सेमेस्टर प्रथम की राधिका शर्मा ने प्रथम, सेमेस्टर प्रथम की कोमल वर्मा ने द्वितीय तथा सेमेस्टर तृतीय की सुहानी चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) मीरू अबरोल ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की। उन्होंने निर्णायकों और आयोजन समिति के प्रयासों की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रतियोगिता का आयोजन गरिमापूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा