नगरी किसान सम्मेलन : किसानों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन

 


जम्मू, 30 मार्च (हि.स.)। जेकेपीसीसी किसान कांग्रेस के अध्यक्ष भारत प्रिये ने कठुआ के नगरी में आयोजित किसान सम्मेलन की ऐतिहासिक सफलता पर तारिक हमीद कर्रा, वरिष्ठ नेताओं और जम्मू-कश्मीर के किसानों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सम्मेलन को एक मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इसमें विभिन्न क्षेत्रों से किसानों की भारी भागीदारी कांग्रेस पार्टी की किसान-हितैषी नीतियों में बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन की सफलता के पीछे कई हफ्तों की मेहनत, समन्वय और जमीनी स्तर पर किए गए प्रयास शामिल हैं।

भारत प्रिय ने कहा कि उन्होंने स्वयं विभिन्न जिलों का दौरा कर ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों से सीधे संवाद किया और उनकी भागीदारी सुनिश्चित की। इन दौरों का उद्देश्य किसानों की वास्तविक समस्याओं जैसे बढ़ती लागत, सिंचाई की कमी और उचित मूल्य न मिलना, को समझना था। उन्होंने बताया कि सम्मेलन किसानों के लिए एक मजबूत मंच साबित हुआ जहां उन्होंने फसल बीमा, बाजार सुविधा, तकनीकी सहयोग और आर्थिक स्थिरता जैसे मुद्दों पर खुलकर चर्चा की।

भारत प्रिय ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पित प्रयासों से यह आयोजन सफल और प्रभावशाली बन सका। उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी किसानों की समस्याओं को हर स्तर पर उठाएगी और उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी किसानों के हितों, सम्मान और आर्थिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के जरिए किसानों के साथ संवाद जारी रखा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा