जंबू लोचन टी-20 टूर्नामेंट में मुलान क्रिकेट क्लब की शानदार जीत, राजौरी टाइटंस को 119 रनों से हराया
जम्मू, 15 अप्रैल (हि.स.)। जंबू लोचन टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत जम्मू एंड कश्मीर मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन द्वारा मौलाना आजाद स्टेडियम में आयोजित मुकाबलों में रोमांचक क्रिकेट देखने को मिल रहा है। टूर्नामेंट के 9वें मैच में मुलान क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजौरी टाइटंस को करारी शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुलान क्रिकेट क्लब ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 189 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। आकाश चौधरी ने 33 गेंदों में 69 रन की विस्फोटक पारी खेली जबकि कप्तान राहुल मुलान ने 57 रनों का अहम योगदान दिया।
राजौरी टाइटंस की ओर से मुकेश ने दो विकेट हासिल किए, जबकि उमेश शर्मा और विक्षय वशिष्ठ ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजौरी टाइटंस की टीम दबाव में नजर आई और 13 ओवर में मात्र 70 रन पर सिमट गई। मुलान क्रिकेट क्लब की ओर से राहुल जमवाल ने तीन विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की जबकि आकाश चिब ने दो विकेट झटके। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए राहुल मुलान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार एसोसिएशन के कार्यकारी सदस्य और पूर्व हैंडबॉल खिलाड़ी संजय पुरी ने प्रदान किया। टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल भावना को बढ़ावा देने का बेहतरीन मंच प्रदान कर रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा