गांव के लिंक रोड पर अवैध माइनिंग का खेल पड़ा भारी, बिना लाइट दौड़ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक सवार की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने वाहन फूंका
कठुआ, 04 सितंबर (हि.स.)। कठुआ जिले के गंडयाल क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को आग के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार मृतक कन्नू रात को अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान निर्माण सामग्री लेकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली कथित तौर पर बिना लाइट के सड़क पर चल रही थी। अंधेरे में ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई नहीं देने के कारण बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कन्नू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली को आग लगा दी। ग्रामीणों का आरोप है कि गंडयाल क्षेत्र का यह मार्ग मुख्य रूप से स्थानीय ग्रामीणों के आवागमन के लिए है लेकिन अवैध अवैध माइनिंग में चलते कुछ ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और भारी मालवाहक वाहन इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इन वाहनों के माध्यम से अवैध खनन एवं निर्माण सामग्री भी ढोई जाती है। इस संबंध में वे कई बार जिला प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण समस्या बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को शांत करवाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर जीएमसी कठुआ पहुंचाया जहां पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि कन्नू अपने परिवार में अकेला कमाने वाला युवक था और उसकी कमाई से ही घर का गुजारा चलता था। उसकी मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है। हादसे के बाद तहसीलदार कठुआ विक्रम शर्मा भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मामले को फास्ट ट्रैक पर लिया जाएगा और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन की ओर से रेडक्रॉस के माध्यम से भी परिवार को सहायता उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे।
स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि उनके गांव के लिंक रोड पर भारी वाहनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही पर प्रभावी रोक लगाई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इन वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित नहीं किया गया तो भविष्य में भी इस तरह के गंभीर हादसे हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से मार्ग पर नियमित निगरानी और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया