जम्मू और कश्मीर में 10 मई की शाम तक मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना

 

श्रीनगर, 09 मई (हि.स.)। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने 9 मई को जम्मू और कश्मीर में सामान्यतः शुष्क मौसम का पूर्वानुमान लगाया है जबकि 11 से 13 मई तक कई स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

पूर्वानुमान के अनुसार 10 मई की शाम तक मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है हालांकि शाम और रात के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि 11 से 13 मई तक केंद्र शासित प्रदेश में कई स्थानों पर एक या दो बार हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान छिटपुट स्थानों पर ओलावृष्टि, बिजली, गरज और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 14 से 16 मई तक आंशिक रूप से लेकर सामान्यतः बादल छाए रहेंगे जबकि 17 और 18 मई को छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने 10 मई की शाम/रात से 13 मई तक कश्मीर और जम्मू दोनों डिवीजनों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

मौसम के बिगड़ने की आशंका को देखते हुए किसानों को 10 मई तक खेती-बाड़ी का काम जारी रखने और पूरा करने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने 11 से 13 मई के दौरान कई स्थानों पर दिन के तापमान में 3°C से 5°C तक की गिरावट का भी अनुमान लगाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता