कश्मीर में मध्यम से भारी बारिश; बारामूला में दर्ज की गई सबसे अधिक वर्षा
जम्मू, 31 मार्च (हि.स.)। मौसम विभाग ने मंगलवार को बताया कि पिछले 24 घंटों में जम्मू और कश्मीर में गरज के साथ मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। कश्मीर घाटी के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हुई जिसके कारण श्रीनगर-लेह राजमार्ग यातायात के लिए बंद कर दिया गया।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में कश्मीर में सबसे अधिक वर्षा बारामूला में 73.0 मिमी दर्ज की गई, इसके बाद पुंछ में 68.5 मिमी और राजौरी में 52.0 मिमी वर्षा हुई। कश्मीर मंडल में श्रीनगर में 31.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई जबकि अन्य स्टेशनों पर भी मध्यम वर्षा हुई जिनमें काजीगुंड में 48.6 मिमी, पहलगाम में 36.8 मिमी, कुपवाडा में 40.8 मिमी और कोकरनाग में 35.5 मिमी शामिल हैं।
कश्मीर मंडल के कई स्थानों पर रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 0-1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा जबकि जम्मू मंडल के कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 1-3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। कश्मीर मंडल में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुलमर्ग में -0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि जम्मू मंडल में सबसे कम न्यूनतम तापमान भदरवाह में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कहा कि जम्मू और कश्मीर में 10 अप्रैल तक मौसम की स्थिति अनिश्चित बनी रहने की संभावना है, और अगले कई दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। पूर्वानुमान के अनुसार 31 मार्च से 2 अप्रैल तक दोपहर के बाद कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है जबकि 3-4 अप्रैल को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और छिटपुट से लेकर कई स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी के साथ गरज और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 5 से 7 अप्रैल तक मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने और छिटपुट बारिश होने की संभावना है जबकि 8 से 10 अप्रैल के बीच ऊंचे इलाकों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने की आशंका है।
विभाग ने 31 मार्च, 3 और 4 अप्रैल की दोपहर बाद कुछ स्थानों पर गरज और तेज हवाओं की चेतावनी भी जारी की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता