बाढ़ जैसी आपदा से निपटने के लिए उत्तरी में मॉक ड्रिल, एनडीआरएफ-एसडीआरएफ ने दिखाए बचाव के तरीके
कठुआ, 18 नवंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ ने 13वीं बटालियन एनडीआरएफ और संबंधित विभागों के सहयोग से बुधवार को उत्तरी गांव के तालाब में जिला स्तरीय बाढ़ बचाव मॉक ड्रिल आयोजित की। इसका उद्देश्य आपदा के दौरान त्वरित बचाव, बेहतर तैयारी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करना था।
मॉक ड्रिल के दौरान एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने जल बचाव अभियान, लोगों को सुरक्षित निकालने, आपात स्थिति से निपटने और आग पर नियंत्रण पाने की तकनीकों का प्रदर्शन किया। इस अभ्यास के माध्यम से विभिन्न विभागों की तैयारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में उनकी प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन किया गया। इस अवसर पर 13वीं बटालियन एनडीआरएफ के सहायक कमांडेंट, डीएसपी एसडीआरएफ कठुआ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। उपायुक्त राजेश शर्मा ने कहा कि जिले के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह के मॉक अभ्यास आयोजित किए जाएंगे ताकि आपदा की स्थिति में सभी विभाग बेहतर तालमेल के साथ प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य कर सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया