विधायक विक्रम रंधावा ने बर्मिनी मोहल्ला में लेन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया

 


जम्मू,, 01 जून (हि.स.)।

बाहु विधानसभा क्षेत्र के विधायक विक्रम रंधावा ने पंचायत सुनजवां अपर के बर्मिनी मोहल्ला लोहार में बर्मिनी रोड से जीपीएस बर्मिनी मोहल्ला तक बनने वाली लेन निर्माण परियोजना का शुभारंभ किया। यह कार्य ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्री कपैक्स योजना 2025-26 के तहत कराया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर विधायक विक्रम रंधावा ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, लेन, नाली, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाएं लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।

विधायक ने भरोसा दिलाया कि बाहु विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव, वार्ड और मोहल्ले में संतुलित एवं समावेशी विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है और लोगों की हर जायज मांग को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों से गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश भी दिया।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सुरजीत सिंह सहित कई स्थानीय नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय निवासियों ने लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने पर विधायक का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र में जारी विकास कार्यों की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता