15 साल की प्रतीक्षा खत्म-कठुआ में एक करोड़ के विकास कार्यों को विधायक ने दी नई रफ्तार
कठुआ, 18 अगस्त (हि.स.)। कठुआ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक डॉ. भारत भूषण ने मंगलवार को विभिन्न इलाकों का दौरा कर एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले चार विकास कार्यों का शुभारंभ एवं निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक ने सबसे पहले रमणीक विहार में करीब 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाली लेन एवं डीप ड्रेन का निरीक्षण किया। यह कार्य विधायक क्षेत्र विकास योजना के तहत स्वीकृत धनराशि से किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब 15 वर्षों बाद मुख्य लेन का निर्माण होने से क्षेत्र की पुरानी समस्या का समाधान होगा।
इसके बाद उन्होंने एसएसपी कार्यालय के समीप वार्ड नंबर-4 में 18 लाख रुपये की लागत से चल रहे लेन एवं डीप ड्रेन कार्य का जायजा लिया। स्थानीय निवासियों ने लंबे समय से लंबित इस कार्य को शुरू करवाने के लिए विधायक का आभार जताया। विधायक ने करण नगर के वार्ड नंबर-3 में करीब 50 लाख रुपये की लागत से बन रही लेन एवं डीप ड्रेन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा किए जा रहे कार्य की गुणवत्ता की सराहना करते हुए अन्य विकास कार्यों में भी निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
बाद में डॉ. भारत भूषण ने साधु बावलियों के समीप डीप बोरवेल का कार्य शुरू करवाया। ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व रखने वाली साधु बावलियों में भगवान शिव और मां दुर्गा के मंदिर स्थित हैं तथा यह स्थल स्थानीय लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। डीप बोरवेल के लिए धनराशि विधायक क्षेत्र विकास निधि से उपलब्ध कराई गई है। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव रेखा कुमारी, पूर्व डीडीसी उपाध्यक्ष रघुनंदन सिंह बबलू, सिटी मंडल अध्यक्ष राहुल देव, किसान मोर्चा अध्यक्ष देविंदर सिंह सनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया