जोड़िया माता मंदिर में 50 लाख से बनेगी धर्मशाला, विधायक डॉ. रमेश्वर ने लिया निर्माण कार्य का जायजा
बनी, 06 नवंबर (हि.स.)। बनी के विधायक डॉ. रमेश्वर सिंह ने शुक्रवार को जोड़िया माता मंदिर में 50 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन धर्मशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को काम निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि नवरात्रों के दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं ऐसे में धर्मशाला के निर्माण से उन्हें बेहतर ठहरने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर सरकार ने बनी विधानसभा क्षेत्र के पांच मंदिरों के विकास के लिए 50-50 लाख रुपये आवंटित किए हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर बेहतर सुविधाएं विकसित होने से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने की हिदायत दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया