विधायक डॉ. भारत भूषण ने उपमुख्यमंत्री से उठाया कठुआ की सड़कों का मुद्दा
कठुआ, 12 अगस्त (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने श्रीनगर स्थित सिविल सचिवालय में उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं पुलों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उठाया। उन्होंने लंबे समय से क्षतिग्रस्त जराई पुल के निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने की मांग की।
विधायक ने बताया कि जराई पुल करीब दो दशक से क्षतिग्रस्त है जिससे करीब दस पंचायतों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नगरी से बरमोरी वाया पिठो पैन और तरफ पैन सड़क को नाबार्ड के तहत लेने, चन्नग्रां-नगरी सड़क के द्वितीय चरण के लिए धनराशि जारी करने तथा नगरी से ऐरवान मंदिर सड़क के उन्नयन एवं डबल लेनिंग की मांग रखी। उन्होंने कठुआ जेल रोड के सुधार के साथ महा, जगतपुर और करडोह पंचायतों को जोड़ने वाली ग्रामीण सड़कों के सुधार का मुद्दा भी उठाया।
उपमुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को विधायक द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। डॉ. भारत भूषण ने मरोली से टारड़ा वाया गौशाला वेंटेड कॉजवे कार्य को मंजूरी देने के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से करीब 20 पंचायतों के लोगों को लाभ मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया