पेयजल संकट को लेकर विधायक डॉ. भारत भूषण ने मंत्री को कराया अवगत, अमृत 2.0 पर जोर

 


श्रीनगर, 16 मई (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने शनिवार को सिविल सचिवालय श्रीनगर में जल शक्ति मंत्री जावेद अहमद राणा से मुलाकात कर जिले में व्याप्त पेयजल समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

विधायक ने मंत्री को अवगत कराया कि कठुआ नगर तथा विधानसभा क्षेत्र के कंडी इलाकों में विशेषकर गर्मी के मौसम में पेयजल की भारी किल्लत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि लोगों को पानी की कमी से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की तत्काल आवश्यकता है। डॉ. भारत भूषण ने यह भी बताया कि जल जीवन मिशन के तहत कई योजनाएं अंतिम चरण में हैं, जिन्हें भौतिक एवं वित्तीय रूप से शीघ्र पूरा कर जनता के लिए क्रियाशील बनाना जरूरी है, ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके।

उन्होंने मंत्री को कठुआ, लखनपुर और नगरी कस्बों के लिए स्वीकृत लगभग 55 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी अमृत 2.0 योजनाओं का शिलान्यास करने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के लागू होने से वर्ष 2040 की अनुमानित आबादी को ध्यान में रखते हुए इन क्षेत्रों में सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। इस दौरान चनपोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मुश्ताक गुरो भी बैठक में उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया