गंदे पानी से बेहाल मेन बाजार पहुंचे विधायक भारत भूषण-विभागों की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, सफाई कार्य शुरू

 




कठुआ, 30 अगस्त (हि.स.)। कठुआ के मुख्य पुराने बाजार में पिछले कई दिनों से सड़क के बीचों-बीच गंदा पानी बहने से दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। त्योहारी सीजन और रक्षाबंधन के दौरान भी बाजार की सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से ग्राहकों ने बाजार से दूरी बनाई जिससे दुकानदारों को खासा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

समस्या से परेशान बाजार के दुकानदारों ने बीते दिनों प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ रोष जताया था। दुकानदारों ने स्थानीय विधायक डॉ. भारत भूषण को फोन कर समस्या से अवगत करवाया और तत्काल समाधान की मांग की। इसके बाद रविवार को विधायक डॉ. भारत भूषण स्वयं मेन बाजार पहुंचे और मौके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि नालियों में पानी की उचित निकासी नहीं हो रही थी और गंदा पानी नाले में जाने के बजाय बाजार की मुख्य सड़क के बीचों-बीच बह रहा था। इससे पूरे बाजार में दुर्गंध और गंदगी का माहौल बना हुआ था। पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक डॉ. भारत भूषण ने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले प्रशासन की ओर से समीक्षा बैठकें आयोजित की जाती हैं, जिनमें नगर परिषद के अधीन आने वाले सभी वार्डों के नालों की सफाई के निर्देश दिए जाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि समय रहते नालों की सफाई करवाई गई होती तो आज बाजार में इस तरह गंदा पानी सड़कों पर बहने की नौबत नहीं आती।

उन्होंने कहा कि यह स्थिति कहीं न कहीं संबंधित विभागों की लापरवाही का परिणाम है। विधायक ने बताया कि जब उन्होंने बाजार की स्थिति का वीडियो देखा तो तत्काल एक्सईएन और नगर परिषद कठुआ के सीईओ से फोन पर बात कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद मौके पर जेसीबी लगाकर सफाई एवं निकासी का काम शुरू कर दिया गया। डॉ. भारत भूषण ने कहा कि कठुआ का पुराना मुख्य बाजार शहर की पहचान और रौनक है। यहां इस प्रकार की गंदगी और जलभराव को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं नगर परिषद की ओर से मौके पर सफाई कार्य शुरू कर दिए जाने के बाद दुकानदारों ने राहत की उम्मीद जताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया