मिशन युवा से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर, डीसी राजेश शर्मा ने दिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश
कठुआ, 19 अक्टूबर (हि.स.)। जिला विकास आयुक्त राजेश शर्मा ने सोमवार को मिशन युवा के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को युवाओं के बीच जागरूकता बढ़ाने, आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाने और स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए।
जिला स्तरीय कार्यान्वयन समिति की बैठक में सहायक निदेशक रोजगार मुनीर हुसैन ने योजना के तहत प्राप्त, स्वीकृत, मंजूर और वितरित आवेदनों की स्थिति की जानकारी दी।
डीसी ने अधिकारियों को वास्तविक लाभार्थियों तक योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए विशेष जागरूकता एवं सुविधा शिविर आयोजित करने और आवेदनों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया ताकि वे अपने उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें। बैठक में एडीडीसी सुरिंदर मोहन, एसीआर विश्व प्रताप सिंह, सीपीओ रंजीत ठाकुर, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बसोहली और बिलावर के एडीसी तथा हीरानगर और बनी के एसडीएम ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया