आर.एस. पुरा पुलिस ने 16 साल से लापता महिला को ढूंढा
जम्मू,, 09 मई (हि.स.)।
जम्मू के आर.एस. पुरा थाना पुलिस ने 16 वर्षों से लापता एक महिला को सफलतापूर्वक ट्रेस कर उसके परिवार से मिलवाया है। यह कार्रवाई पुलिस की लंबी और सतत कोशिशों का परिणाम है।
जानकारी के अनुसार सीमा देवी पुत्री कुड़ा राम निवासी गांव जिंदर मेह्लू, तहसील आर.एस. पुरा जिला जम्मू, वर्ष 2009 से लापता थीं। उनके लापता होने की रिपोर्ट 16 अगस्त 2009 को डीडीआर संख्या 18 के तहत दर्ज की गई थी।
पुलिस ने उस समय विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की थी लेकिन कई वर्षों तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया। हाल ही में मिले नए इनपुट और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस टीम ने लगातार प्रयास जारी रखे।
लंबी जांच और मेहनत के बाद पुलिस ने महिला को सफलतापूर्वक ढूंढ निकाला और सभी कानूनी औपचारिकताओं के बाद उन्हें उनके परिजनों से सुरक्षित रूप से मिला दिया गया।
पुलिस की इस सफलता को लंबे समय से लंबित मामलों को सुलझाने और परिवारों को फिर से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता