मीरवाइज उमर फारूक ने ईरान-अमेरिका युद्ध विराम का किया स्वागत
श्रीनगर, 08 अप्रैल (हि.स.)। कश्मीर के प्रमुख धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने बुधवार को अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम का स्वागत किया।
मीरवाइज ने 'एक्स' पर कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा शांति की दिशा में एक स्वागत योग्य कदम है। यह इस बात को रेखांकित करता है कि संघर्ष समाधान के लिए टकराव की तुलना में संयम और संवाद को प्राथमिकता दी जानी चाहिए और शांति युद्ध पर विजय प्राप्त करती है।
उन्होंने कहा कि ईरान के लोगों और नेतृत्व द्वारा दिखाया गया लचीलापन सराहनीय है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक आक्रामकता के सामने ईरानी लोगों और नेतृत्व का साहस सराहनीय है। इस महत्वपूर्ण युद्धविराम को संभव बनाने में उन्हें और इस्लामाबाद सहित सभी पक्षों को बधाई।
हुर्रियत सम्मेलन के पूर्व अध्यक्ष ने आशा व्यक्त की कि दो सप्ताह का युद्धविराम स्थायी स्थिरता और अधिक संवाद को बढ़ावा देगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह