मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़ ने शुक्रवार को उन्हें नज़रबंद करने का दावा किया

 

श्रीनगर, 14 अगस्त(हि.स.)। कश्मीर के मुख्य धर्मगुरु मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़ ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्हें नज़रबंद कर दिया गया और उन्हें यहाँ की जामिया मस्जिद में सामूहिक नमाज़ अदा करने से रोका गया।

मीरवाइज़ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पवित्र महीने रबी-उल-अव्वल की शुरुआत से ठीक पहले मुझे फिर से नज़रबंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को बार-बार और मनमाने ढंग से लगाई जाने वाली पाबंदियां बेहद निंदनीय हैं । उन्होंने शहर के निगीन इलाके में स्थित अपने घर के गेट के बाहर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी दिखाने वाली सीसीटीवी तस्वीरें भी पोस्ट कीं। हालात सामान्य होने के सरकारी दावों के बावजूद बार-बार लगाई जा रही पाबंदियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारी खुद ही हालात सामान्य होने की अपनी बात पर इतना भरोसा नहीं करते और अगर मुझे बार-बार जामिया मस्जिद जाने से रोकते हैं तो उस बात की क्या विश्वसनीयता है।

मीरवाइज़ ने 'रबी-उल-अव्वल' महीने की शुरुआत पर जम्मू-कश्मीर और दुनिया भर के मुसलमानों को बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता