मीरां साहिब पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात ड्रग तस्कर सहित चार लोगों को किया गिरफ्तार
जम्मू, 28 फ़रवरी (हि.स.)। आर.एस.पुरा के थाना मीरां साहिब पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात ड्रग तस्कर सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक पिस्टल, कुछ जिंदा कारतूस और करीब 40 ग्राम नशीला पदार्थ ‘चिट्टा’ बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलबाग सिंह निवासी मलिकपुर, नमन कुमार निवासी नौग्राम, संदीप शर्मा उर्फ सनी शर्मा और उनके एक अन्य साथी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दिलबाग सिंह इलाके का पुराना ड्रग तस्कर बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने रिंग रोड पर नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका गया।
पुलिस को देखकर कार सवार युवकों ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से पिस्टल, कारतूस और चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इनके तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं और यह नशा कहां से लाया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता