जनजातीय छात्रावासों की व्यवस्था पर मंत्री जावेद राणा सख्त, पोषण और निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश
जम्मू, 05 मार्च (हि.स.)। जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद राणा ने जम्मू संभाग के जनजातीय छात्रावासों के कामकाज की समीक्षा करते हुए बेहतर सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण पोषण और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में मंत्री ने निर्माणाधीन छात्रावास भवनों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी अड़चनों को तुरंत दूर कर निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास शिक्षा का अहम माध्यम हैं, इसलिए इनके निर्माण और उन्नयन को प्राथमिकता दी जाए। खाद्य गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायतों का संज्ञान लेते हुए मंत्री ने सख्त निगरानी के निर्देश दिए और सभी छात्रावासों में संतुलित एवं मानकीकृत मेन्यू लागू करने पर जोर दिया। साथ ही वार्डनों को मरम्मत, फर्नीचर और अन्य आवश्यकताओं की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा, ताकि संसाधनों का समुचित आवंटन किया जा सके। मंत्री ने छात्रावासों में खेल, सांस्कृतिक और अन्य सह-पाठयक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने, सुरक्षा प्रबंध मजबूत करने, नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने तथा वित्तीय पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने भी भाग लिया। मंत्री ने दोहराया कि जनजातीय विद्यार्थियों के शैक्षिक और समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया