मेंढर में मंत्री जावेद राणा ने की विकास कार्यों की समीक्षा, जन समस्याएं सुनीं

 


मेंढर, 18 मई (हि.स.)। जल शक्ति, वन, पर्यावरण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने सोमवार को मेंढर उपमंडल के डाक बंगले में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विकास कार्यों, पेयजल आपूर्ति, सिंचाई ढांचे और जनकल्याण योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं समय पर पूरी हों और आम जनता को निर्बाध सुविधाएं मिलें। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में पानी की सप्लाई व्यवस्था को सुचारू रखने पर जोर दिया। इसके बाद आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में लोगों ने पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क संपर्क, पीएमएवाई-जी और वन अधिकार अधिनियम से जुड़ी समस्याएं उठाईं। मंत्री ने सभी जायज मांगों को समयबद्ध तरीके से हल करने का भरोसा दिलाया।

राणा ने अधिकारियों को गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकार जमीनी स्तर पर विकास को तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया