सुंजवां-बरमिनी में जमीन धंसने से प्रभावित परिवारों से मिले मंत्री जावेद राणा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

 

जम्मू,, 19 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू के सुंजवां-बरमिनी इलाके में जमीन धंसने की घटना से प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर मंत्री जावेद अहमद राणा ने स्थानीय निवासियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रभावित और विस्थापित परिवारों की परेशानियां सुनीं तथा संबंधित विभागों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

मंत्री ने विशेष रूप से जमीन धंसने की घटना से प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी मौजूदा स्थिति और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इलाके में पीने के पानी की पर्याप्त सप्लाई सुनिश्चित की जाए और लोगों को जरूरी सेवाओं के लिए परेशान न होना पड़े।

जावेद राणा ने जमीन से जुड़े मामलों का भी समय पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं को दूर करने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल होना जरूरी है।

मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रभावित और विस्थापित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाना तथा उनकी परेशानियों को कम करना है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि इन परिवारों की भलाई, सम्मान और बुनियादी जरूरतों का ध्यान रखना सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जमीन धंसने की घटना से प्रभावित परिवारों को जल्द राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता