मंत्री जावेद राणा ने मनकोट में सीएफसी का उद्घाटन किया, स्टेडियम कार्य का लिया जायजा
मेंढर, 18 अप्रैल (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री जावेद राणा ने मेंढर क्षेत्र में जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की और लोगों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान मंत्री ने मनकोट में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा करीब 17 लाख रुपये की लागत से बने कम्युनिटी फैसिलिटेशन सेंटर का उद्घाटन किया। साथ ही लगभग 58 लाख रुपये की लागत से बन रहे स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण कार्य का निरीक्षण कर संबंधित एजेंसियों को गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान कई प्रतिनिधिमंडलों और स्थानीय लोगों ने मंत्री से मुलाकात कर अपनी समस्याएं और विकास से जुड़े मुद्दे उठाए। जीडीसी मेंढर के छात्रों ने भी गर्ल्स हॉस्टल और मल्टी-पर्पज हॉल की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। मंत्री ने सभी की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और आश्वासन दिया कि उचित मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के संतुलित और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया