युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश, जीडीसी बनी का जागरूकता अभियान
कठुआ/बनी, 22 मई (हि.स.)। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बनी द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत गवर्नमेंट मिडिल स्कूल सरथली में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान प्राचार्य प्रो. (डॉ.) नीना गुप्ता के मार्गदर्शन में चलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्राध्यापकों ने छात्रों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर छात्रों और स्टाफ को नशा मुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई। इसके साथ ही लोवांग पंचायत क्षेत्र में नए प्रवेश अभियान से जुड़े जागरूकता पोस्टर भी लगाए गए। कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई। कॉलेज प्राचार्य ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज से नशे जैसी बुराई को खत्म करने के लिए सभी वर्गों तक जागरूकता पहुंचाना जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया