राष्ट्रीय एकता दिवस पर बसोहली में गूंजा एकता का संदेश, एडीसी ने दिखाई रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी

 


बसोहली, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस पर बासोहली में ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ का आयोजन किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त बासोहली पंकज भगोत्रा ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। इस आयोजन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

दौड़ का शुभारंभ मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल बासोहली से हुआ जो विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए जीरो मोड़, बहारला चैगान में संपन्न हुई। इस अवसर पर एडीसी पंकज भगोत्रा के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीसी पंकज भगोत्रा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक नागरिक को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपसी भाईचारा, सद्भावना और राष्ट्रीय एकजुटता ही देश की मजबूती का आधार हैं। हम सभी को राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं और स्थानीय नागरिकों से नशे से दूर रहने तथा खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की जानकारी पुलिस को देने का आह्वान करते हुए भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इससे पहले ‘रन फॉर यूनिटी’ में शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं और नागरिकों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई। वहीं शाम को जीरो मोड़, बहारला चैगान से बासोहली बस स्टैंड तक ‘वॉक फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इसके उपरांत बसोहली पुलिस स्टेशन में राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया