महबूबा ने शेषनाग परियोजना के समझौता ज्ञापन को रद्द करने की मांग की, पर्यावरणीय मूल्यांकन की अपील की
श्रीनगर, 26 नवंबर (हि.स.)। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर सरकार और बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) के बीच शेषनाग झील के पास काम करने के लिए हुए समझौता ज्ञापन को रद्द करने की मांग की। उन्होंने इस परियोजना के पर्यावरण पर पड़ने वाले असर का स्वतंत्र मूल्यांकन कराने की भी मांग की।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए महबूबा ने कहा कि अधिक ऊंचाई पर स्थित इस झील के पास भारी मशीनों का इस्तेमाल इसके नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र के लिए चिंता का विषय है। इससे अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक रूप से बनने वाली बर्फ पर भी असर पड़ सकता है।
शेषनाग को एक महत्वपूर्ण पारिस्थितिक और धार्मिक स्थल बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां की झील, ग्लेशियर और आसपास के जंगल एक नाजुक प्राकृतिक तंत्र का हिस्सा हैं जिनकी सुरक्षा की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि शेषनाग करोड़ों लोगों की आस्था, उम्मीदों और प्रार्थनाओं से जुड़ा है। उन्होंने आगे कहा कि यह मुद्दा कश्मीर के पर्यावरण और अमरनाथ गुफा जाने वाले तीर्थयात्रियों की भावनाओं, दोनों से जुड़ा है।
महबूबा ने सवाल उठाया कि 3,500 मीटर से अधिक की ऊंचाई पर जेसीबी मशीन कैसे पहुंचाई गई। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या काम को मंजूरी देने से पहले पर्यावरण पर पड़ने वाले असर का कोई मूल्यांकन किया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनी हुई सरकार ने 23 जनवरी को कैबिनेट बैठक में इस परियोजना को मंजूरी दी थी। उन्होंने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसके पारिस्थितिक परिणामों की ठीक से जांच किए बिना ही काम की अनुमति दे दी गई।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से अपील करते हुए उन्होंने सरकार से समझौता ज्ञापन रद्द करने, इसकी शर्तों को सार्वजनिक करने और पर्यावरण विशेषज्ञों तथा चुने हुए प्रतिनिधियों की एक समिति बनाने को कहा जो इस जगह का निरीक्षण कर सके। उन्होंने यह भी मांग की कि जब तक समिति अपनी रिपोर्ट न सौंप दे तब तक काम रोक दिया जाए और उस इलाके से जेसीबी मशीन को हटा लिया जाए।
उन्होंने कहा कि अगर छोटी-मोटी मरम्मत की जरूरत है तो उसे हाथों से (मैन्युअल रूप से) किया जाना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि ग्लेशियर वाले नाजुक पर्यावरण में भारी मशीनों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
महबूबा ने यह भी सवाल उठाया कि उन्हें उस इलाके में जाने से क्यों रोका गया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण विशेषज्ञों और जन प्रतिनिधियों को इस जगह का निरीक्षण करने की अनुमति दी जानी चाहिए। मंत्री के हाल ही में इलाके के दौरे और उनके इस बयान का जिक्र करते हुए कि 'सब कुछ ठीक है', उन्होंने सवाल उठाया कि मंत्री आखिर शेषनाग की तरफ कितनी दूर तक गए थे। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई फुटेज सामने नहीं आया है जिससे पता चले कि वे उस जगह तक पहुंचे भी थे। महबूबा ने उन युवाओं को परेशान किए जाने पर भी चिंता जताई जिन्होंने इस प्रोजेक्ट के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने बताया कि शेषनाग को बचाने के लिए ऑनलाइन याचिका शुरू करने वाली एक महिला को परेशान किया गया। वहीं 'सेव शेषनाग, सेव कश्मीर' अभियान से जुड़े कुछ युवाओं को पुलिस थाने बुलाया गया और उनके फोन जब्त कर लिए गए। पीडीपी अध्यक्ष ने उन युवाओं को परेशान किए जाने पर भी चिंता जताई जिन्होंने इस परियोजना के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने पर्यावरण संबंधी चिंताएं उठाने वालों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को रोकने की मांग की और सवाल किया कि क्या शेषनाग और अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा के लिए आवाज उठाना कोई अपराध है?
महबूबा ने कहा कि अमरनाथ यात्रा का जम्मू-कश्मीर के लिए सांस्कृतिक, धार्मिक और आर्थिक महत्व है जिससे हजारों लोगों को आजीविका मिलती है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में तीर्थयात्रियों की मदद करने में स्थानीय निवासियों की भूमिका का भी जिक्र किया। उन्होंने चेतावनी दी कि झील और उसके आसपास के पारिस्थितिकी तंत्र को नुकसान पहुंचने से केवल उसी इलाके तक ही नहीं बल्कि दूर तक गंभीर परिणाम हो सकते हैं क्योंकि शेषनाग का पानी लिद्दर धारा और दक्षिण कश्मीर की अन्य जलधाराओं में जाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता