महबूबा मुफ्ती और उनके तीन विधायक कुरान पर हाथ रखकर शपथ लें कि उन्होंने भाजपा को वोट नहीं दिया-तनवीर सादिक
श्रीनगर, 05 मई (हि.स.)। नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) ने मंगलवार को पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती पर पिछले साल के राज्यसभा चुनावों में भाजपा को वोट देने का आरोप लगाया और मांग की कि वे और उनके तीन विधायक कुरान पर हाथ रखकर शपथ लें कि उन्होंने भाजपा को वोट नहीं दिया।
एनसी के मुख्य प्रवक्ता तनवीर सादिक ने आरोप लगाया कि मुफ्ती ने 2014 में भगवा पार्टी के साथ गठबंधन किया था जिससे वे 1975 के बाद कश्मीर की पहली राजनीतिक नेता बन गईं जिन्होंने चुनाव के बाद भाजपा के साथ गठबंधन किया। सादिक ने उस वर्ष बनी पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि अगर उन्होंने 2014 में भाजपा के साथ गठबंधन नहीं किया होता तो शायद यह सब नहीं होता।
एनसी नेता ने आगे दावा किया कि पीडीपी अनुच्छेद 370 और राज्य का दर्जा बहाल करने जैसे बड़े मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए है जबकि राज्यसभा चुनाव को लेकर उनकी पार्टी को निशाना बनाना जारी रखे हुए है।
उन्होंने कहा कि आप लगातार नेशनल कॉन्फ्रेंस की आलोचना कर रहे हैं। लेकिन बड़े मुद्दों पर आप चुप हैं—चाहे वह अनुच्छेद 370 हो, राज्य का दर्जा हो या हाल ही में हुए घटनाक्रम हो। मुफ्ती के भाजपा को वोट न देने के दावे पर भरोसा न करते हुए सादिक ने कहा कि अगर महबूबा मुफ्ती और उनके तीन विधायक जम्मू-कश्मीर की जनता के प्रति सच्चे हैं तो उन्हें कुरान पर हाथ रखकर यह कहना चाहिए कि उन्होंने राज्यसभा चुनाव में भाजपा को वोट नहीं दिया।
विपक्षी गठबंधन में समन्वय की कमी को लेकर कांग्रेस की शिकायतों का जवाब देते हुए विधायक सादिक ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने प्रस्तावित समन्वय समिति के लिए अपने चार सदस्यों का चयन कर लिया है। उन्होंने आगे कहा कि हम कांग्रेस के सदस्यों के आपसी निर्णय का इंतजार कर रहे हैं कि समिति में कौन-कौन होंगे। अगर कांग्रेस निर्णय लेकर समन्वय समिति का गठन करती है तो जो भी चर्चा होगी उसका समाधान हो जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता