चार साल से किराया दबाए बैठे दुकानदारों पर नगर परिषद की कार्रवाई, पुरानी सब्जी मंडी की दो दुकानें सील
कठुआ, 01 सितंबर (हि.स.)। नगर परिषद कठुआ ने बकाया किराया जमा न करवाने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में नगर परिषद की टीम ने पुरानी सब्जी मंडी में चार साल से किराया जमा नहीं करवाने वाली दो दुकानों को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि अन्य दुकानदारों ने भी यदि समय पर बकाया किराया जमा नहीं करवाया तो उनके खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद कठुआ के सीईओ ने बताया कि पुरानी सब्जी मंडी में नगर परिषद की कई दुकानें लीज पर दी गई हैं। इनमें से कुछ दुकानदार पिछले करीब चार वर्षों से दुकानों का किराया जमा नहीं करवा रहे थे। नगर परिषद की ओर से संबंधित दुकानदारों को बकाया किराया जमा करवाने के लिए नोटिस भी जारी किए गए थे लेकिन नोटिस का कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला और न ही बकाया राशि जमा करवाई गई। उन्होंने बताया कि इसी के चलते मंगलवार को हंसराज और रेनू बाला के नाम पर लीज पर दी गई दो दुकानों को सील कर दिया गया। दोनों दुकानों का पिछले चार वर्षों का करीब चार से पांच लाख रुपये किराया बकाया बताया गया है।
सीईओ ने कहा कि नगर परिषद की संपत्तियों का किराया समय पर जमा करवाना दुकानदारों की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर परिषद के अधीन आने वाली अन्य दुकानों में भी जिन दुकानदारों का किराया बकाया है उन्हें नोटिस जारी किए जा रहे हैं। यदि नोटिस के बावजूद बकाया किराया जमा नहीं करवाया गया तो संबंधित दुकानों को भी सील किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगातार नोटिस दिए जाने के बावजूद किराया जमा न करवाने वाले दुकानदारों के खिलाफ आगे लीज समाप्त कर दुकानों की पुनः नीलामी की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है। नगर परिषद ने सभी बकायेदार दुकानदारों को समय रहते अपना किराया जमा करवाने की चेतावनी दी है, ताकि कड़ी कार्रवाई से बचा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया