कटड़ा में 12 अक्टूबर से रोजाना मंचित होगी ‘माता की कहानी’

 


जम्मू, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मां वैष्णो देवी की पौराणिक गाथा को रंगमंच पर जीवंत करने वाली नटरंग की संगीतमय नाट्य प्रस्तुति ‘माता की कहानी’ 12 अक्टूबर से कटड़ा में रोजाना मंचित की जाएगी। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित नवरात्र महोत्सव-2026 के तहत स्पिरिचुअल ग्रोथ सेंटर के सभागार में प्रतिदिन शाम 4 और 6 बजे इसके दो शो होंगे।

श्रद्धालु और पर्यटक इस प्रस्तुति का निशुल्क आनंद ले सकेंगे। नाटक के लेखक एवं निर्देशक पद्मश्री बलवंत ठाकुर ने बताया कि नटरंग जम्मू की ओर से यह आयोजन माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को उनकी पौराणिक गाथा से परिचित करवाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने जम्मू सहित क्षेत्र के अन्य हिस्सों के लोगों से परिवार सहित प्रस्तुति देखने का आह्वान किया।

‘माता की कहानी’ को मां वैष्णो देवी की गाथा पर आधारित पहली रंगमंचीय प्रस्तुति बताया गया है। इसमें अभिनय, संगीत, नृत्य और आकर्षक मंचीय दृश्यों के माध्यम से माता के आध्यात्मिक सफर को दर्शाया गया है। नाटक में माता वैष्णवी के जन्म, उनकी तपस्या और धर्म की स्थापना के उद्देश्य से जुड़ी पौराणिक कथा को प्रस्तुत किया गया है। इस प्रस्तुति को तैयार करने में कलाकारों, तकनीशियनों और डिजाइनरों की टीम ने योगदान दिया है। नीरज कांत ने निर्देशन में सहयोग दिया जबकि सनी मूजू ने नृत्य निर्देशन और शिवम सिंह ने प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली। वेशभूषा एवं मंच सामग्री की व्यवस्था राहुल सिंह, पवन वर्मा और मोहम्मद यासीन ने की।

नाटक में कई कलाकार विभिन्न भूमिकाएं निभा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा