‘माता की कहानी’ ने अभिनव थिएटर में बांधा समां, दर्शक हुए मंत्रमुग्ध

 


जम्मू, 21 नवंबर (हि.स.)। नटरंग की चर्चित संगीत-नाट्य प्रस्तुति ‘माता की कहानी’ ने शनिवार को अभिनव थिएटर में दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। माता वैष्णो देवी की पौराणिक गाथा पर आधारित इस भव्य प्रस्तुति के दो मंचन हुए जिसमें नाटक, संगीत, नृत्य, प्रकाश और आकर्षक मंच सज्जा के माध्यम से आध्यात्मिक कथा को जीवंत रूप में पेश किया गया।

पद्मश्री बलवंत ठाकुर की परिकल्पना, निर्देशन और डिजाइन में तैयार इस प्रस्तुति में माता महाकाली, माता महालक्ष्मी और माता महासरस्वती की दिव्य शक्तियों के एकाकार होकर माता वैष्णो देवी के रूप में प्रकट होने की कथा को दर्शाया गया। नाटक में आस्था, साहस, धर्म और आत्मबल जैसे मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों के अभिनय, संगीत, वेशभूषा, नृत्य संयोजन और प्रकाश व्यवस्था ने मंचन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

प्रस्तुति को देखने पहुंचे दर्शकों ने इसकी भव्यता और कलात्मक पक्ष की सराहना की। कई दर्शकों ने कहा कि इस मंचन के माध्यम से उन्हें माता वैष्णो देवी की पूरी गाथा को समझने का अवसर मिला। इस आयोजन को कैबकारो, रसालिका और सीडी मॉल्स एंड रिसॉर्ट्स की पहल पर जम्मू के दर्शकों के लिए प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर विधायक अरविंद गुप्ता, ट्रांसपोर्ट कमिश्नर विशेष पॉल महाजन, मेजर जनरल गोवर्धन सिंह जम्वाल, पद्मश्री ललित मगोत्रा सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। प्रस्तुति के निर्देशन और सेट डिजाइन में नीरज कांत, कोरियोग्राफी में सन्नी मुजू तथा लाइटिंग डिजाइन में पंकज शर्मा का योगदान रहा। नटरंग की इस प्रस्तुति ने आध्यात्मिक कथा और रंगमंच के प्रभावशाली मेल से दर्शकों के बीच अपनी विशेष छाप छोड़ी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा