सज गए मां के दरबार, अब श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार कठुआ

 


कठुआ, 17 मार्च (हि.स.)। आगामी वीरवार से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्रि पर्व को लेकर जिला कठुआ के सभी प्रमुख मंदिरों में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। जिले भर के मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है और हर तरफ श्रद्धा व उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

कठुआ के जसरोटा स्थित काली माता मंदिर, बिलावर में बाला सुंदरी माता मंदिर, सुकराला माता मंदिर, बनी का जोड़ियां माता मंदिर, नगरी का बाला सुंदरी मंदिर सहित कठुआ शहर, विभिन्न तहसीलों बिलावर, बसोहली और हीरानगर के मंदिरों में रंग-रोगन और सजावट का कार्य पूरा हो चुका है। मंदिरों को आकर्षक लाइटों से सजाया गया है, जिससे रात के समय पूरा वातावरण जगमगा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया है। साथ ही सभी विभागों को नवरात्रि के दौरान अपनी जिम्मेदारियां बेहतर ढंग से निभाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

पुलिस प्रशासन ने सभी प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, जबकि बिजली विभाग को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जल शक्ति विभाग को श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था सुचारु रखने को कहा गया है। वहीं, श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए आरटीओ कठुआ को परिवहन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। नवरात्रि को लेकर मंदिरों के आसपास मेले भी सजने लगे हैं और क्षेत्र में चहल-पहल बढ़ गई है। लंगर सेवा देने वाले संगठनों ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कुल मिलाकर, चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर जिला कठुआ पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंग चुका है और मां के दरबार में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए सभी इंतजाम मुकम्मल हो चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया